वीरपुर चौराहे पर डंपर और DCM की आमने-सामने भिड़ंत, चालक गंभीर
टक्कर के बाद केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए काटना पड़ा वाहन का अगला हिस्सा; मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कई टीमें कर रहीं इलाज
गोंडा-मनकापुर मार्ग पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मनकापुर तहसील क्षेत्र के वीरपुर चौराहे के पास रात करीब 12:30 बजे डंपर और DCM की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में डंपर चालक सरबजीत सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत की। केबिन का शीशा तोड़ने के साथ वाहन का अगला हिस्सा काटकर चालक को बाहर निकाला गया।
गोंडा की ओर जा रहा था डंपर
जानकारी के मुताबिक, मोतीगंज निवासी सरबजीत सिंह डंपर लेकर गोंडा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गोंडा की ओर से मनकापुर जा रही DCM से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कई टीमें तैनात
108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी जितेंद्र पांडेय खुद घायल चालक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि घायल की हालत गंभीर थी, जिसके चलते इलाज के लिए डॉक्टरों की कई टीमें लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल चालक की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है, हालांकि हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
दो थानों की पुलिस कर रही जांच
मोतीगंज थानाध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता और मनकापुर कोतवाल तेज नारायण सिंह ने बताया कि डंपर और DCM की आमने-सामने टक्कर हुई थी। हादसे में डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच दोनों थानों की पुलिस कर रही है।
