चौक बाजार परसपुर में मां लक्ष्मी पूजन महोत्सव का हुआ शुभारंभ चेयरमैन बासुदेव सिंह ने खोली माता लक्ष्मी की पट्टी
परसपुर (गोंडा)। दीपावली के पावन पर्व पर चौक बाजार परसपुर स्थित शंकर मंदिर धर्मशाला पर नवयुवक लक्ष्मी पूजा समिति की ओर से सात दिवसीय मां लक्ष्मी पूजन महोत्सव का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत परसपुर चेयरमैन बासुदेव सिंह ने विधि-विधान के साथ माता लक्ष्मी की प्रतिमा की आंखों पर लगी पट्टी खोलकर पूजन महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन एवं आरती संपन्न हुई। माता लक्ष्मी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह रहा और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। पूजन कार्यक्रम में मुख्य यजमान मुरलीधर कौशल ने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पंडित उदयभान मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। उन्होंने माता लक्ष्मी की महिमा के बारे में बताते हुए कहा कि दीपावली पर माता लक्ष्मी की आराधना का विशेष धार्मिक महत्व है। श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजा-अर्चना करने से घर-परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाती है।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रामलखन यज्ञसैनी ने माता लक्ष्मी के पंडाल में चेयरमैन बासुदेव सिंह एवं कार्यकारी अध्यक्ष डिंपल गुरुजी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं डिंपल गुरुजी ने आयोजन के लिए 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। समिति की ओर से सात दिवसीय महोत्सव के तहत आठ नवंबर को मूर्ति स्थापना एवं माता लक्ष्मी की पट्टी खोलने का कार्यक्रम संपन्न हुआ। नौ नवंबर को आरती-पूजन, 10 नवंबर को छप्पन भोग एवं महाप्रसाद, 11 नवंबर को महाआरती, 12 नवंबर को महामाई की गोदभराई, 13 नवंबर को हवन एवं कन्या पूजन तथा 14 नवंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
आयोजन में समिति के अध्यक्ष रामलखन यज्ञसैनी, सनी कौशल, गोपी सोनी, रवि सोनी राजा, ब्लड डोनर मोनू चौरसिया, नागेश्वर कौशल, हरीराम चौरसिया, जय हिंद पटवा, रोहित यज्ञसैनी, विकास सोनी, कोषाध्यक्ष सूरज गुप्ता, सहयोगी संस्था हैप्पी क्लब के सदस्य, शिवम पटवा, शिव सोनी एवं मनु कौशल सहित सभी कार्यकर्ता आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

